जनता मिलन में डीएम गौरव कुमार ने सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

जनता मिलन में डीएम गौरव कुमार ने सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। जिला सभागार गोपेश्वर में  आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शिकायतों को सुनते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थाई समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनता मिलन में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन, पेयजल, सड़क और पुल निर्माण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें एवं सुझाव सामने आए। ग्राम गड़ोरा और किरूली के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त गड़ोरा-किरूली मोटर मार्ग की मरम्मत की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। देवलधार की लक्ष्मी देवी ने प्राथमिक विद्यालय में सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी, जिस पर ग्रामीण निर्माण विभाग को आवश्यकतानुसार सुरक्षा दीवार बनाने के निर्देश दिए गए। ग्राम लासी के नयन सिंह कुँवर की प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी दशोली को दिए गए।

नंदानगर क्षेत्र के अव्वल सिंह ने जाखणी मुख्य मोटर मार्ग पर पुल निर्माण की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लगभग 30 मीटर आरसीसी पुल निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इंदु देवी, धर्मेंद्र सिंह, सुशीला देवी और शोभा देवी सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडे आदि मौजूद रहे।

 

Post Comment

You May Have Missed