यमकेश्वर में बीन नदी पर 150 मीटर डबल लेन सेतु निर्माण तेज, जल्द मिलेगी सुरक्षित आवाजाही की सौगात

यमकेश्वर में बीन नदी पर 150 मीटर डबल लेन सेतु निर्माण तेज, जल्द मिलेगी सुरक्षित आवाजाही की सौगात

यमकेश्वर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क संपर्क एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चीला-पशुलोक मोटर मार्ग पर केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत बीन नदी पर 150 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी सेतु का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। लगभग 23.09 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हो रहा यह सेतु क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
 
परियोजना की प्रगति पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया लगातार नजर बनाए हुए हैं। वे समय-समय पर निर्माण कार्यों की समीक्षा कर संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दे रही हैं। जिलाधिकारी के नियमित अनुश्रवण एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप निर्माण कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।
 
सहायक अभियंता लोनिवि दुगड्डा साहब सिंह सैनी ने बताया कि सेतु निर्माण का कार्य विभिन्न चरणों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में दोनों एबटमेंट (पुल के दोनों सिरों) पर कंक्रीटिंग और सिंकिंग का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। वहीं पुल के दोनों पियर (मध्य खंभों) का निर्माण भी तेजी से जारी है। पियर-1 पर कंक्रीटिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पियर-2 पर भी निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। परियोजना निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है और निर्माण कार्य लगातार गति पकड़ रहा है।
 
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को शीघ्र इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि सेतु निर्माण पूर्ण होने के बाद चीला–पशुलोक मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा। इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने से पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों तथा स्थानीय आर्थिक विकास को भी नयी गति मिलेगी।
Previous post

सार्वजनिक स्थान पर लडाई झगडा कर लोक शान्ति भंग करने वालों को दून पुलिस ने पढाया कानून का पाठ, 4 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

Next post

सफलता कभी एक दिन में नहीं मिलती, अपितु निरंतर प्रयास, सीखने की प्रवृत्ति और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है– डीजी सूचना बंशीधर तिवारी

Post Comment

You May Have Missed