पुराने सोने के आभूषण लौटाने में टालमटोल, धोखाधड़ी के आरोप में आरोपी ज्वैलर्स गिरफ्तार

पुराने सोने के आभूषण लौटाने में टालमटोल, धोखाधड़ी के आरोप में आरोपी ज्वैलर्स गिरफ्तार

नन्दानगर : थाना नन्दानगर घाट क्षेत्रान्तर्गत एक महिला द्वारा थाना नन्दानगर घाट में शिकायत दर्ज कराई गई कि उसने 28.11.2024 को अपने पुराने सोने के आभूषण (पेंडल 4.300 ग्राम एवं अंगूठी 2.500 ग्राम, कुल 6.800 ग्राम) स्थानीय प्रेम ज्वेलर्स के संचालक प्रेम सिंघानिया को पुराने आभूषणों से नया मंगलसूत्र तैयार करने हेतु दिए थे।

पीड़िता के अनुसार उक्त व्यक्ति उनके मकान में किराए पर भी रहता था, जिस कारण उस पर विश्वास कर आभूषण दिए गए। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी आरोपी द्वारा न तो नया मंगलसूत्र तैयार कर दिया गया और न ही पुराने आभूषण वापस किए गए। कई बार कहने एवं संपर्क करने के बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। स्वयं को ठगा महसूस करने पर पीड़िता ने थाना नन्दानगर घाट में लिखित तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना नन्दानगर घाट में मु0अ0सं0-11/2026 अंतर्गत धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में आवश्यक साक्ष्य एवं तथ्य संकलित किए गए।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा 3 अगस्त को अभियुक्त प्रेम सिंघानिया पुत्र हरीश चन्द्र शाह, निवासी ग्राम जाफरपुर, थाना बेलसण्ड, जिला सीतामढ़ी (बिहार), हाल संचालक प्रेम ज्वेलर्स, कस्बा नन्दानगर घाट, जनपद चमोली, उम्र 36 वर्ष, को उसकी ज्वेलरी दुकान से गिरफ्तार किया गया।

 

चमोली पुलिस की अपील:

किसी भी ज्वेलर्स अथवा अन्य प्रतिष्ठान को सोने-चाँदी के आभूषण देने से पूर्व उसकी रसीद/बिल एवं लेन-देन का लिखित विवरण अवश्य सुरक्षित रखें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या विश्वासघात की स्थिति में तत्काल निकटतम थाना पर सूचना देकर कानूनी सहायता प्राप्त करें।

Post Comment

You May Have Missed