नवनियुक्त एलटी शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

नवनियुक्त एलटी शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

गोपेश्वर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में नवनियुक्त एलटी ग्रेड शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रेरण एवं अभिमुखीकरण प्रशिक्षण शुरू हो गया।

प्रशिक्षण में नवनियुक्त शिक्षकों को विद्यालयी शिक्षा की संरचना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पाठ्यचर्या, शिक्षण पद्धति, आकलन, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक की भूमिका की जानकारी दी जा रही है। पहले दिन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा-2023 और राज्य पाठ्यचर्या के अनुरूप शिक्षक की भूमिका पर सत्र हुए।

प्रशिक्षण में कक्षा एवं समय प्रबंधन, उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली, छात्रवृत्ति एवं विद्यालयी अभिलेख, आकलन एवं प्रश्नपत्र निर्माण, बाल-केंद्रित एवं अनुभवात्मक शिक्षण, विद्यालय संस्कृति व अनुशासन तथा नई पाठ्यपुस्तकों के शिक्षणशास्त्र पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा समावेशी शिक्षा एवं जेंडर संवेदनशीलता, विद्यालय सुरक्षा व आपदा प्रबंधन, अभिभावक एवं सामुदायिक सहभागिता, डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षिक हस्तक्षेप, नशामुक्ति और तनाव प्रबंधन जैसे विषय भी प्रशिक्षण का हिस्सा हैं।

कार्यक्रम समन्वयक बचन जितेला ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य नवनियुक्त शिक्षकों को विद्यालयी कार्यों के प्रभावी संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए जरूरी व्यवहारिक जानकारी और मार्गदर्शन देना है। विषय विशेषज्ञों और संबंधित अधिकारियों की ओर से विभिन्न सत्रों में शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कर्णप्रयाग अनीनाथ, संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली के प्रधानाचार्य देवदत्त शर्मा, डॉ. कमलेश कुमार मिश्र, सुबोध कुमार डिमरी, गोपाल प्रसाद कपरुवाण, प्रकाश चंद्र गैड़ी, वीरेंद्र मोहन तिवारी, सुमन भट्ट, बचन जितेला आदि मौजूद रहे।

 

Post Comment

You May Have Missed