सीओ अस्मिता ममगाईं ने किया लैंसडाउन कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, लंबित माल मुकदमाती के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

सीओ अस्मिता ममगाईं ने किया लैंसडाउन कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, लंबित माल मुकदमाती के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

  • शस्त्रों की हैंडलिंग परखी, मालखाने और ऑनलाइन पोर्टलों की जांच; पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर समयबद्ध समाधान के दिए आदेश

लैंसडाउन। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और थाने के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने कोतवाली लैंसडाउन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी संपत्ति, मालखाने, शस्त्रों, थाना कार्यालय में संचालित ऑनलाइन पोर्टलों और विभिन्न अभिलेखों की पड़ताल की। उन्होंने लंबित माल मुकदमाती और थाना परिसर में खड़े वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मालखाने और वाहनों के निस्तारण पर जोर

निरीक्षण के दौरान सीओ अस्मिता ममगाईं ने कोतवाली को आवंटित सरकारी संपत्ति और मालखाने का जायजा लिया। मालखाने में रखे लंबित माल मुकदमाती तथा थाना परिसर में खड़े वाहनों के मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि थाने में लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबा न खींचा जाए।

शस्त्रों की हैंडलिंग का कराया अभ्यास

सीओ ने कोतवाली को आवंटित शस्त्रों का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास करवाया। उन्होंने शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई, सुरक्षित रखरखाव और उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

CCTNS और अभिलेखों की भी जांच

थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल, अन्य ऑनलाइन पोर्टलों और विभिन्न अभिलेखों की जांच की गई। इस दौरान संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उच्चाधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं

निरीक्षण के बाद सीओ अस्मिता ममगाईं ने थाना परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों का सम्मेलन लिया। उन्होंने कार्मिकों से उनकी समस्याओं और कार्य संबंधी कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Previous post

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अफसरों को अल्टीमेटम : टूटी सड़कें मिलीं तो तय होगी जवाबदेही, एक नवंबर तक दुरुस्त होंगी खोदी गई सड़कें

Next post

​KBC के मंच पर उत्तराखण्ड के लोकेंद्र ने अमिताभ बच्चन को पहनाई पहाड़ी टोपी

Post Comment

You May Have Missed