गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर में कंपनियों ने लिए साक्षात्कार, रोजगार के साथ कौशल विकास के अवसरों से भी जुड़े युवा

गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर में कंपनियों ने लिए साक्षात्कार, रोजगार के साथ कौशल विकास के अवसरों से भी जुड़े युवा

पौड़ी : सेवायोजन विभाग के तत्वाधान में शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग कर शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। रोजगार मेले में कुल 110 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 30 अभ्यर्थियों को कंपनियों ने चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण के लिए चुना।

सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आयोजित मेले में क्वेस कॉर्प लिमिटेड (टाटा मोटर्स और बजाज ऑटो), एसआईएस, एसबीआई लाइफ, सीपेट और एलआईसी सहित विभिन्न प्रतिष्ठित नियोजकों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से सिक्योरिटी ऑफिसर, अप्रेंटिस, मशीन ऑपरेटर, सेल्स इंश्योरेंस और प्रोडक्शन ट्रेनी सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं और नियोजकों को साझा मंच उपलब्ध कराया गया, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों से जुड़ने में मदद मिली।

रोजगार मेले के दौरान अभ्यर्थियों को करियर काउंसिलिंग भी प्रदान की गई। काउंसिलिंग सत्र में युवाओं को करियर निर्माण, कौशल विकास और स्वरोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। इस दौरान कौशल इकोसिस्टम अपनाने तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना (एमकेवीवाई) के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने पर जोर दिया गया।

अभ्यर्थियों को विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी रुचि दिखाई। इस अवसर पर प्रो. डॉ. किरण बाला, आशीष कुमार, हिमांशु चमोली, लक्ष्मी अंथवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

 

 

Post Comment

You May Have Missed