कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं से शिवभक्त गदगद, मुख्यमंत्री धामी सरकार की पहल की खुलकर सराहना
- देशभर से हरिद्वार पहुंचे कांवड़ियों ने सफाई, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और यातायात प्रबंधन को बताया पहले से बेहतर
हरिद्वार। उत्तराखंड के चारधाम प्रवेश द्वार हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दौरान देशभर से पहुंचे शिवभक्तों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस वर्ष यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पहले की तुलना में अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित है, जिससे उनकी आस्था की यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सकी है।
आस्था की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों ने उत्तराखंड सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों की प्रशंसा की। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस वर्ष यात्रा के दौरान उन्हें पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हरियाणा के सोनीपत से कांवड़ यात्रा पर आई श्रद्धालु तनु ने कहा कि सरकार ने कांवड़ यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, जिससे वे सुरक्षित और सहज रूप से यात्रा कर पा रही हैं। उन्होंने अन्य महिलाओं से भी कांवड़ यात्रा में शामिल होने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
गाजियाबाद (लोनी) से आए शिवभक्त संदीप भोला ने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में कांवड़ियों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा और उनके चरण धोकर किए गए स्वागत ने श्रद्धालुओं का सम्मान बढ़ाया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश के बागपत से आए प्रदीप यादव ने कहा कि सरकार ने कांवड़ यात्रियों के लिए शौचालय, स्वच्छता, अलग कांवड़ मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन किया है। उन्होंने इन व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से आए शिवभक्तों ने बताया कि हरिद्वार में सफाई व्यवस्था, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश, जगह-जगह स्वागत शिविर, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम यात्रा को सहज और सुरक्षित बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा।
श्रद्धालुओं ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हर वर्ष कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार कर रही है। इस बार किए गए प्रबंध पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं के कारण उनकी आस्था की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन सकी है।

Post Comment