कोटद्वार : घास काटने गई महिला पर गुलदार का हमला, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान

कोटद्वार : घास काटने गई महिला पर गुलदार का हमला, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान

कोटद्वार : कोटद्वार रेंज के सनेह क्षेत्र अंतर्गत कोटड़ीठांग स्थित गंगा वाटिका के समीप शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घास काट रही एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, रीना देवी (39 वर्ष), पत्नी भूपेंद्र सिंह अधिकारी, निवासी कोटड़ीठांग, सनेह कोटद्वार, सुबह करीब 8:45 बजे अन्य महिलाओं के साथ घास काट रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं।

घटना के समय आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और बीच-बचाव कर गुलदार को मौके से भगा दिया। इसके बाद घायल महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि महिला को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन और वन विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई प्रतिकूल स्थिति नहीं है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

Post Comment

You May Have Missed