अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयुष विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयुष विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

पौड़ी : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों में “नमस्ते योग” ऐप के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को दैनिक जीवन में सरल एवं उपयोगी योग अपनाने की जानकारी देने के साथ-साथ व्यावहारिक योगाभ्यास भी कराया गया।

इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्साधिकारी डॉ. त्रिभुवन बेंजवाल ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश अधिकारी एवं कर्मचारी लंबे समय तक कार्यालयों में बैठकर कार्य करते हैं, जिससे शारीरिक थकान, तनाव, गर्दन एवं कमर दर्द जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर कार्यक्षमता और एकाग्रता को भी बढ़ाता है।

उन्होंने कर्मचारियों को भारत सरकार द्वारा संचालित “नमस्ते योग” ऐप की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐप के माध्यम से लोग घर और कार्यालय में कम समय में भी सरल योगाभ्यास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक स्वस्थ और ऊर्जावान रह सकता है।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को ग्रीवा संचालन, ताड़ासन, पद्मासन, भद्रासन, त्रिकोणासन सहित विभिन्न सामान्य योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए ध्यान एवं मेडिटेशन के महत्व की जानकारी भी दी गई।

आयुष विभाग की ओर से उपस्थित कर्मचारियों को नियमित योग करने, संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा “नमस्ते योग” ऐप का उपयोग कर प्रतिदिन योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर योग अनुदेशिका  गीता बिष्ट, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, अंकित मुंडेपी, विजय लक्ष्मी, आदित्य राणा, अभिषेक पोखरियाल, देवेंद्र सहित अन्य उपस्थित थे।

Post Comment

You May Have Missed