विधानसभा बजट सत्र को लेकर अलर्ट मोड पर चमोली पुलिस

विधानसभा बजट सत्र को लेकर अलर्ट मोड पर चमोली पुलिस

गोपेश्वर (चमोली)।  चमोली पुलिस ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में विधानसभा के बजट सत्र को लेकर कमर कस ली है। इसके तहत अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गैरसैण के भराड़ीसैण स्थित विधानसभा भवन में आयोजित होने वाले बजट सत्र को लेकर बैठक में अभी से तैयारियों पर जोर देना शुरू कर दिया है। इसके तहत उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र, औली में आयोजित होने वाले इंटरनेशनल गेम्स तथा महाशिव रात्रि पर्व को व्यवस्थित तथा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने पर बल दिया है।

एसपी पंवार ने भराड़ीसैंण (गैरसैण) में प्रस्तावित बजट सत्र के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल के लिए आवासीय एवं संचार व्यवस्था तथा सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर लगने वाले बैरिकेडिंग को लेकर संबंधित विभागों से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों से भी समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए। विधानसभा सत्र के दौरान समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी होनी चाहिए।

हिमक्रीड़ा केंद्र औली में आयोजित होने वाले विंटर नेशनल गेम्स एवं कार्निवल के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवागमन वाले मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर दिया। कहा कि मौजूदा दौर में जोशीमठ-औली मार्ग पर बर्फ जमी होने के कारण यातायात सुचारू रखने के लिए बीआरओ के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए। कहा कि इस मामले में हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं मंदिर परिसरों में मेलों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय एवं सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड एवं महिला होमगार्ड/पीआरडी जवानों की तैनाती रहनी चाहिए।

इस दौरान चमोली के पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट,  प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत, अभिसूचना इकाई के निरीक्षक सचिन चौहान, यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना व दिगम्बर उनियाल समेत जनपद के थाना और चौकी प्रभारी वीसी से जुडे रहे।

Previous post

सेलंग गांव में सार्वजनिक आयोजनों पर शराब परोसने और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

Next post

गैंड न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देश्यीय शिविर, 35 शिकायतें दर्ज, पेयजल सचिव रणबीर सिंह चौहान ने सुनी स्थानीय लोगों की समस्याएं

Post Comment

You May Have Missed